पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 68,400 नशीली कैप्सूल-टैबलेट जब्त, बीकानेर का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 'ऑपरेशन सीमा संकल्प' के तहत की गई कार्रवाई

श्रीगंगानगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन सीमा संकल्प' के तहत अनूपगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित मेडिसिन नशा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 68 हजार 400 प्रेगाबालिन कैप्सूल और टेपेंटाडोल टैबलेट्स बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिओम शर्मा (21 वर्ष) निवासी शेरूणा थाना क्षेत्र, जिला बीकानेर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शेरूणा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, मारपीट और फिरौती मांगने सहित कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना देकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन सीमा संकल्प' के तहत जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।