खराब बिजली का मोटर बनाना पड़ा भारी, मोटर बना रहे युवक को करेंट लगने से हुई मौत,परिजनों में मचा कोहराम, शोक की लहर।

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।प्रखंड बगहा दो के अंतर्गत वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के पिपरा कुट्टी वर्मा कॉलोनी वार्ड नंबर 3 में एक युवक घर में पानी का मोटर बनाते समय करेंट के संपर्क में आने से मौत हो गई। प्राप्त खबर के मुताबिक राकेश कुमार राय पिता चौथी राय उम्र लगभग 28 वर्ष रविवार की सुबह लगभग 6 बजे घर में मोटर बनाते समय करेंट के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना आग की तरह चारों तरफ फैल गई। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए क्षेत्र के लोग उमड़ पड़े। बताते चलें कि राकेश कुमार राय की शादी लगभग 4 वर्ष पूर्व वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के कदमहिया गांव में शबनम कुमारी के साथ हुआ था। खुशनुमा माहौल में जिंदगी गुज़र रही थी। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को झकझोर दिया है।राकेश कुमार राय पिता चौथी राय के एक पुत्र एवं एक पुत्री है। पुत्र लड्डू 9 महीने का और पुत्री 3 वर्ष की आरोही को पता ही नहीं है कि उनके सर से पिता का साया उठ चुका है।

राकेश कुमार राय की मां पार्वती देवी का पूर्व में स्वर्गवास हो चुका है। पिता चौथी राय ने बताया कि उनका दो पुत्र है ।बड़ा पुत्र अशोक दूसरे राज्य हैदराबाद में रोजगार के सिलसिले में बाहर है। राकेश कुमार राय घर में रहकर खेती करता था। दो माह पूर्व घर में खुशियां बहाल थी। जब मृतक राकेश की छोटी बहन मनीषा की शादी गोपालगंज में हुई थी। उसकी तीन बहने हैं तीनों बहनों की शादी हो चुकी है।

*पत्नी शबनम का रो रो कर बुरा हाल*

घटना की सूचना पर मोहल्ले के सैकड़ो लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उमड पड़े। सबकी आंखें मृतक राकेश कुमार राय के दोनों बच्चों को देखकर नम हो गई। *पत्नी शबनम बार-बार विलाप करते हुए यही कहती है तू हमरा के छोड़ के कहां चल गईलअ।* और बेहोश हो जा रही है। आनन फानन में परिजनों के द्वारा राकेश को वाल्मीकि नगर स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां मौके पर मौजूद डॉक्टर धीरज कुमार ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।इस घटना की पुष्टि लक्ष्मीपुर रामपुरवा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद कलाम ने की है। उन्होंने बताया कि शोक संतप्त परिवार को अब कोई सहारा नहीं है।