शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत 200 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत 200 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

शेखूपुर (बदायूं)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, शेखूपुर में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत भविष्य के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत संस्थान परिसर में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 200 छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आर. के. वर्मा एवं डिप्टी रजिस्ट्रार आचार्य राजन मेंदिरत्ता ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आर. के. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करें, तभी इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य सफल हो सकेगा।

डिप्टी रजिस्ट्रार आचार्य राजन मेंदिरत्ता ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता ही सतत विकास की आधारशिला है।

कार्यक्रम में संस्थान की असिस्टेंट प्रोफेसर शिखा वर्मा, सना फ़ातिमा, समरीन परवीन, चरणजीत, अक्षांशु पटेल, नर्सिंग ट्यूटर राधा गौर, दयाराम, गौरव यादव, सुबोध पाठक, पंकज मिश्रा, दिनेश कुमार, अमन यादव सहित संस्थान के माली संगम एवं पंकज की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का सामूहिक संकल्प लिया। संस्थान परिवार ने समाज से भी अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रत्येक व्यक्ति वृक्षारोपण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।