वाल्मीकि नगर विधायक को हवाई अड्डा गांव की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़क के शीघ्र पुनर्निर्माण हेतु भेजा ज्ञापन।

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।प्रखंड बगहा-2 के अंतर्गत, वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा गांव निवासियों ने गाँव की जर्जर मुख्य सड़क का पुनर्निर्माण को लेकर वाल्मीकि नगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने अपने आवेदन में लिखा है,कि सड़क का निर्माण लगभग 10 वर्ष पूर्व हुआ था। वर्तमान समय में यह सड़क पूरी तरह जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिससे आम लोगों को प्रतिदिन आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव हो जाता है।जिससे पैदल चलना भी अत्यंत कठिन हो जाता है। विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों, मरीजों आदि को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार दुर्घटनाएँ होने की आशंका बनी रहती है।तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी आने-जाने में कठिनाई होती है। सड़क गाँव के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसकी वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसका शीघ्र पुनर्निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। ग्रामीणों ने अनुरोध किया है,कि इस सड़क का यथाशीघ्र निरीक्षण कराकर इसके पुनर्निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कराने की कृपा करें। ताकि ग्रामवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।