खेरागढ़ के पुल वाले हनुमान मंदिर से 51 किलो का पीतल का घंटा चोरी, दूसरा ले जाने में नाकाम रहे चोर

खेरागढ़ कस्बे के प्रसिद्ध पुल वाले हनुमान मंदिर से देर रात चोर 51 किलोग्राम वजनी पीतल का घंटा चोरी कर ले गए। चोरों ने मंदिर में लगे दूसरे 51 किलोग्राम के घंटे को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब मंदिर के महंत प्रकाशानंद पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। एक घंटा गायब देखकर उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

धार्मिक स्थल से इतनी बड़ी चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए घंटे की बरामदगी की मांग की है।

थाना प्रभारी खेरागढ़ हरीश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है।