नकटी गांव में 85 मकानों को तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन

कोरबा। रायपुर स्थित ग्राम नकटी में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए 85 परिवारों के आशियाने तोड़े जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर सरकार की कार्रवाई का विरोध किया गया।

यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष मुकेश राठौर की अध्यक्षता में तथा पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भरी बरसात के बीच विधायक कॉलोनी बनाने के नाम पर ग्राम नकटी के 85 परिवारों के मकानों को ध्वस्त कर दिया, जिससे मासूम बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित अनेक परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। कांग्रेस ने इसे अमानवीय और गरीब विरोधी कार्रवाई बताते हुए सरकार की कड़ी निंदा की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीबों का आशियाना उजाड़कर विकास नहीं किया जा सकता। यदि सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और न्याय की दिशा में तत्काल कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में जनहित में और बड़ा आंदोलन करेगी।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस का कहना है कि गरीबों के अधिकारों और उनके आशियानों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Citiupdate के लिए समीर खूंटे की रिपोर्ट...