एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुरादाबाद के कई थानों में अग्निशमन विभाग ने दिया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुरादाबाद के कई थानों में अग्निशमन विभाग ने दिया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुरादाबाद के विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों को आग लगने की घटनाओं से बचाव और आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने थाना पाकबड़ा थाना, मझोला थाना, सदर कोतवाली, सिविल लाइन थाना तथा साइबर क्राइम थाना में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल, शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव, विद्युत उपकरणों से लगने वाली आग और अन्य संभावित खतरों से बचाव के उपाय विस्तार से समझाए गए। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से यह भी बताया गया कि किसी अग्निकांड की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य किस प्रकार तेजी और सुरक्षित तरीके से किया जाए।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को हर प्रकार की आपदा और अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।