यौमे आशूरा पर हरदोई के बावन में निकला ऐतिहासिक ताजिया जुलूस, शहीद-ए-कर्बला को किया गया याद, जुल्म के आगे न झुकने की सीख

हरदोई। जनपद के बावन कस्बे में यौमे आशूरा के दिन हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) और कर्बला के 72 शहीदों की याद में ऐतिहासिक बड़े ताजिए का जुलूस अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। इमामबाड़े से शुरू हुआ जुलूस पूरे कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर कर्बला पहुंचेगा, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिए को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके बाद ताजिए को पुनः इमामबाड़े लाया जाएगा और दस दिवसीय मोहर्रम कार्यक्रम का समापन होगा।
जुलूस के दौरान "या हुसैन" की सदाओं और नौहाख्वानी से पूरा माहौल गमगीन रहा। अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि कर्बला का पैगाम इंसानियत, सत्य, न्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़े रहने की सीख देता है। यह कुर्बानी कयामत तक पूरी मानवता के लिए हक और इंसाफ का पैग़ाम देती रहेगी।
कस्बे में जगह-जगह सबील और लंगर का आयोजन किया गया, जहां जर्दा, बिरयानी, खीर, हलीम, शर्बत, कोल्ड ड्रिंक और फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बबलू खान, सईद खान, फहीम कुरैशी, गुलफराज खान उर्फ शानू, राजू खान, नजमुल हुसैन मोनू, इरफान खान, इरशाद खान और जावेद खान सहित अनेक लोगों की अहम भूमिका रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक लोनार सुनील कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा।