हरदोई के बावन में निकला ऐतिहासिक सातवीं मोहर्रम का जुलूस, गूंजे या हुसैन के नारे, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

हरदोई। जनपद के बावन कस्बे में मंगलवार को सातवीं मोहर्रम का ऐतिहासिक जुलूस अकीदत और एहतराम के साथ निकाला जा रहा है। यह जुलूस हजरत कासिम हसन की याद में आयोजित किया जाता है और क्षेत्र की सांप्रदायिक सौहार्द तथा गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक माना जाता है।
जुलूस में दो बैंड दलों के साथ तख्त को पूरे कस्बे में घुमाया जाएगा। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने इसमें हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोग शामिल होकर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते नजर आए। बावन का मोहर्रम न केवल हरदोई जनपद बल्कि आसपास के जिलों में भी अपनी विशेष पहचान रखता है।
परंपरा के अनुसार सातवीं मोहर्रम की सुबह तख्त का जुलूस निकाला जाता है, जो लगातार 24 घंटे तक चलता है और आठवीं मोहर्रम की सुबह संपन्न होता है। पहली मोहर्रम से लेकर दसवीं मोहर्रम तक यहां विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और जुलूसों का आयोजन किया जाता है।
जुलूस के दौरान हजरत इमाम हुसैन (र.अ.) और कर्बला के 72 शहीदों की याद में जगह-जगह सबील और लंगर का आयोजन किया गया। अकीदतमंदों ने बड़ी संख्या में शर्बत और खाद्य सामग्री वितरित कर अकीदत पेश की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में बबलू खान, फहीम कुरैशी, गुलफराज खान उर्फ शानू, राजू खान, नजमुल खान इरफान खान और जावेद खान सहित दर्जनों लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक लोनार सुनील मिश्रा, चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात हैं।