अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर श्री महात्मा दूधाधारी इंटर कॉलेज में हुआ भव्य योग कार्यक्रम

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

खेरागढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधानसभा खेरागढ़ के मंडल खेरागढ़ देहात स्थित श्री महात्मा दूधाधारी इंटर कॉलेज परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं कॉलेज स्टाफ ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में योग शिक्षक एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिलामंत्री उदय प्रताप सिंह सिकरवार ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा आगरा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह सिकरवार (रायभा) रहे। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की कला है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पवन सिकरवार, सुरेश सिंह सिकरवार, मलखान सिंह, भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं तथा समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।