अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में विशेष योग शिविर का आयोजन

मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर एवं सेवा प्रबंधक अनुराग यादव की उपस्थिति में योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और तनावमुक्त जीवन के लिए भी बेहद आवश्यक है। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मचारियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वस्थ जीवन, फिट शरीर और निरोग रहने के लिए योग के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

योग अपनाएं, स्वस्थ रहें और जीवन को संतुलित बनाएं के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।