मोहब्बत को नहीं मिली मंजूरी शादी से इनकार पर प्रेमी युगल ने खेत में खाया जहर दोनों की मौत

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में परिवारों के विरोध और शादी की मंजूरी न मिलने से आहत प्रेमी युगल ने शनिवार को खेत में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रेमिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए प्रेमी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती का भोजीपुरा क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था। युवक युवती के मौसा का भाई बताया जा रहा है। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे और लंबे समय से संपर्क में थे। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने पर परिवारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। रिश्तेदारी और सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए दोनों की शादी कराने से साफ इनकार कर दिया गया। परिजनों के विरोध के चलते प्रेमी युगल मानसिक तनाव और अवसाद में चल रहा था।सुबह घर पहुंची प्रेमिका, फिर साथ निकले खेत की ओर शनिवार सुबह युवती सीधे प्रेमी के घर पहुंची। इसके बाद दोनों साथ में गांव के बाहर खेतों की ओर चले गए। वहां पहुंचकर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। जहर का असर बढ़ने पर युवती ने खेत में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन उसे गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुष्कर्म का मुकदमा भी था दर्ज पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृत युवक के खिलाफ पहले से दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। एक साथ दो युवाओं की मौत से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। जिस प्रेम कहानी को दोनों शादी के रिश्ते में बदलना चाहते थे, उसका अंत दो अर्थियों के साथ हुआ। गांव में भी घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।