मुरादाबाद। डीएम के निर्देश पर पीतल नगरी बस स्टेशन पर व्यवस्था सख्त, बाहर खड़ी नहीं होंगी बसें

मुरादाबाद। जिला अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा पीतल नगरी बस स्टेशन के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन शुरू कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए थे कि बसों की पार्किंग केवल नगर निगम के नाले तक निर्धारित क्षेत्र में ही की जाए और स्टेशन के बाहर बसें खड़ी न हों।

पीतल नगरी बस स्टेशन के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में सभी बस चालकों और संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसी भी बस को निर्धारित सीमा से बाहर खड़ा नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बस स्टेशन पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और अनावश्यक जाम की समस्या से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है और निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।