प्राचीन ब्रह्मा जी मंदिर बना आस्था का केंद्र, हजारों श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा

चौमुंहा (मथुरा)। पवित्र अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के अंतिम दिन चौमुंहा स्थित प्राचीन ब्रह्मा जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान ब्रह्मा के दर्शन कर मंदिर एवं गांव की परिक्रमा की तथा पुण्य लाभ अर्जित किया।

परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह सेवा शिविर लगाकर शीतल जल, शरबत एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बावजूद स्वयंसेवकों और समाजसेवियों ने पूरे समर्पण भाव के साथ सेवाएं प्रदान कीं।

स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में भक्ति, सेवा और सद्भाव का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं का मानना है कि अधिक मास के अंतिम दिन पूजा-अर्चना, परिक्रमा और दान-पुण्य करने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है।

भारत के प्राचीन एवं ऐतिहासिक ब्रह्मा मंदिरों में शुमार चौमुंहा का ब्रह्मा जी मंदिर इस अवसर पर श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा। पूरे नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और अधिक मास का समापन धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजा प्रतिनिधि चेयर मैंने,पुष्पेंद्र पहलवान,रवि,सुभाष,कुलदीप ,पप्पू उपस्थित रहे ।