हरदोई में एक्सरे टेक्नीशियन से मारपीट का वीडियो वायरल, हरपालपुर सीएचसी में कॉलर पकड़कर खींचा, विवादों के चलते किया गया कार्यमुक्त

हरदोई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरपालपुर में ड्यूटी पर तैनात एक्सरे टेक्नीशियन के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अस्पताल के एक्सरे कक्ष के बाहर टेक्नीशियन के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि एक्सरे कक्ष के बाहर किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद युवक ने ड्यूटी पर मौजूद टेक्नीशियन का कॉलर पकड़ लिया और उसे खींचने लगा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सरकारी अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य कर्मचारी के साथ हुई इस घटना को लेकर कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
वहीं, सीएचसी हरपालपुर के अधीक्षक डॉ. आनंद पांडेय ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन अनूप कुमार के खिलाफ लंबे समय से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थी। उनके अनुसार, आए दिन विवाद और अभद्रता की घटनाओं से अस्पताल की छवि प्रभावित हो रही थी। इसी कारण गुरुवार को एक्सरे कक्ष का चार्ज उनसे लेकर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है।
अधीक्षक ने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भेज दी गई है और विभागीय स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।