मुरादाबाद में राना शुगर मिल और बायोफ्यूल प्लांट में अग्निशमन विभाग ने कराया मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुरादाबाद में राना शुगर मिल और बायोफ्यूल प्लांट में अग्निशमन विभाग ने कराया मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 12 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पांडेय के कुशल नेतृत्व में एफएसएसओ मोहित कुमार द्वारा मॉक ड्रिल एवं सुरक्षित निकासी अभ्यास कराया गया।

यह अभ्यास राना शुगर मिल की चीनी इकाई और आसवनी (डिस्टिलरी) इकाई के साथ-साथ करीमगंज बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में आयोजित किया गया।

अभ्यास के दौरान कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, समय रहते सूचना देने और बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन भी किया।

अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक संस्थानों में इस प्रकार के नियमित अभ्यास से कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ती है और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। जनपद मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग लगातार सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित कर रहा है।