गगनपथ पर कार में मिला प्राइवेट बैंक के लोन मैनेजर का शव, दो दिन से थे लापता

श्रीगंगानगर शहर के गगनपथ पर बीती देर रात एक प्राइवेट बैंक के लोन मैनेजर का शव कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव 44 आर बी निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है।

सोमवार से थे लापता, मोबाइल भी था बंद....

जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार मीरा चौक के पास स्थित आईएफडीसी बैंक में लोन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार वह सोमवार से घर से लापता थे और उनका मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। परिजनों ने बीती देर रात गगनपथ पर बिहाणी चिल्ड्रन एकेडमी के सामने लावारिस हालत में खड़ी कार में उन्हें मृत पाया और तुरंत जवाहरनगर पुलिस को सूचना दी।

कार में मिलीं शराब की बोतलें....

मौके पर पहुंचे एएसआई रामस्वरूप ने कार की वीडियोग्राफी करवाने के बाद शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मीरा चौक चौकी प्रभारी नरेश बिश्नोई के अनुसार कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मौत के सही कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।