हरदोई में 8 वर्षीय बच्ची की मौत पर परिजनों में आक्रोश, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- पिता को पकड़कर ले जाने से सदमे में हुई मौत

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव में 8 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को गांव परियल में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील कुमार मिश्रा और कुछ ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान पथराव की घटना हुई, जिसमें एसडीएम घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने गांव में पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और कई लोगों को हिरासत में लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ घरों में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। गांव निवासी राममोहन का कहना है कि वह अपनी 8 वर्षीय पुत्री रूबी के साथ भंडारे से लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की, जिससे बच्ची घबरा गई और बेहोश हो गई।
परिजनों के मुताबिक, रात में रूबी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि पिता के साथ हुई मारपीट और पुलिस कार्रवाई के सदमे से बच्ची की हालत बिगड़ी, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
बच्ची की मौत के बाद गांव में शोक और नाराजगी का माहौल है। परिजन और ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह असत्य हैं। उनके अनुसार बच्ची की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई। पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।