हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शादी के पांच दिन बाद नवविवाहिता की मौत, पति समेत तीन गंभीर घायल

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र सिंह के अनुसार, 9/10 जून 2026 की रात करीब 12 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 289 पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस संख्या BR 06RA 5115 शंकरगंज, जनपद अमेठी से दिल्ली के आनंद विहार जा रही थी। दुर्घटना में बस सवार शहर पत्नी नासिर (32 वर्ष), निवासी रानीगंज बाजार, अमेठी, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अन्य घायलों के साथ अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मो. नासिर पुत्र स्व. मो. नाजिम (35 वर्ष), जयेन्द्र पुत्र भारत सिंह (32 वर्ष), निवासी प्रतापपुर, रायबरेली तथा आसमो बानो (45 वर्ष), निवासी रानीगंज बाजार, अमेठी भी घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार, मृतका शहर की शादी 4 जून को मो. नासिर के साथ हुई थी। शादी के महज पांच दिन बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।