हरदोई में पुलिस भर्ती परीक्षा से नकलची गिरफ्तार, बाथरूम में रखा मोबाइल बरामद, प्रवेश पत्र के बहाने एक दिन पहले छिपाया था

हरदोई में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान हाईटेक नकल का मामला सामने आने से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर आगरा जनपद के डौकी थाना क्षेत्र के कण्डौल निवासी अभ्यर्थी रोहित पथौरी को नकल करने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और पूर्व की प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रोहित पथौरी ने 8 जून को परीक्षा की द्वितीय पाली समाप्त होने के बाद अपना पहचान पत्र अंदर छूट जाने का बहाना बनाकर दोबारा परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। इस दौरान उसने गेट के पास स्थित वाटर कूलर के निकट अपना एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पुराना प्रतियोगी परीक्षा प्रश्नपत्र छिपा दिया था।
अगले दिन 9 जून को प्रथम पाली की परीक्षा में शामिल होने के दौरान चेकिंग के बाद उसने छिपाया गया मोबाइल निकालकर बाथरूम में रख दिया और पुराना प्रश्नपत्र अपने साथ परीक्षा कक्ष में ले गया। परीक्षा के दौरान वह पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लेकर बाथरूम की ओर बढ़ रहा था, जहां मोबाइल की मदद से प्रश्न हल करने की योजना थी।
समय करीब 11:15 बजे बाथरूम के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद हुआ। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बाथरूम में छिपाया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
मामले में थाना कोतवाली शहर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। वहीं परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।