हरदोई में प्रेमी की शादी तय होने से नाराज युवती टावर पर चढ़ी, प्रेमी की हामी के बाद नीचे उतरी, पांच वर्षों से दोनों के बीच था प्रेम संबंध

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के लोनार कस्बे में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रेमी की शादी तय होने से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि पिछले पांच वर्षों से उसका युवक के साथ प्रेम संबंध है, लेकिन अब उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के मंसूरपुर निवासी रूबी, जो वर्तमान में लखनऊ में रहती है, का हरदोई के गढ़िया डिल्ला निवासी शैलेंद्र से करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात लखनऊ में रहने के दौरान हुई थी। इसी बीच युवक के परिजनों ने उसकी शादी हरियावां क्षेत्र के एक गांव में तय कर दी, जिसकी बारात 20 जून को जानी थी।
शादी तय होने की जानकारी मिलने पर युवती लखनऊ से लोनार पहुंची और युवक से बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक ने उसकी बात सुनने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर युवती कस्बे में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
सूचना पर लोनार इंस्पेक्टर सुनील कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। बाद में युवक को भी मौके पर बुलाया गया। बताया जाता है कि प्रेमी द्वारा बातचीत करने और साथ देने का आश्वासन देने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हो गई।
पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।