छज्जे के झगड़े ने ली जान कई दिन से फरार चल रहे आरोपी दो सगे भाई आखिरकार गिरफ्तार

बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र के जाम गांव में छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं, और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया, जब वे कहीं बाहर जाकर छिपने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में पहले से हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।छज्जा निकालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद पुलिस के अनुसार 25 मई, 2026 को जाम गांव निवासी कुंवरपाल की शिकायत पर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि पड़ोसियों के बीच छज्जा निकालने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं, जबकि कुंवरपाल के भाई लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे।इलाज के दौरान हुई मौत, मुकदमे में बढ़ाई गई हत्या की धाराएं मारपीट में घायल लक्ष्मण स्वरूप की बाद में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा भी बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। घटना के बाद से आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए थे और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।पूछताछ में आरोपियों ने बताई पूरी कहानी गिरफ्तार किए गए हरजीत और प्रेमरतन उर्फ रामरतन ने पूछताछ में बताया कि छज्जा डालने को लेकर पड़ोसी परिवार से उनका विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें उन्होंने भी अपने बचाव के लिए लकड़ी की फंटियां उठा ली थीं। आरोपियों का कहना है कि मारपीट के दौरान लक्ष्मण स्वरूप घायल होकर गिर गए थे। बाद में उनकी मौत की जानकारी मिलने पर दोनों घबरा गए और गिरफ्तारी के डर से इधर-उधर छिपते रहे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।