मई में जोधपुर मंडल का रिकॉर्ड: टिकट जांच से 1.61 करोड़ रुपये की वसूली

मई में जोधपुर मंडल का रिकॉर्ड: टिकट जांच से 1.61 करोड़ रुपये की वसूली

26 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए, बिना टिकट यात्रा पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने मई 2026 में टिकट जांच अभियान के दौरान रिकॉर्ड राजस्व अर्जित करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, गंदगी फैलाने और धूम्रपान जैसे मामलों में कुल 1 करोड़ 60 लाख 88 हजार 106 रुपये का जुर्माना वसूला, जो अब तक का सर्वाधिक मासिक राजस्व है। इससे पहले अप्रैल माह में लगभग 1.40 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मई माह में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान करीब 13 हजार बिना टिकट यात्रियों से 80.60 लाख रुपये तथा 13 हजार अनियमित टिकट धारकों से 77.41 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे ने स्वच्छता और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने के 2225 मामलों में 2.43 लाख रुपये तथा धूम्रपान के 102 मामलों में 20,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही यात्रियों को स्वच्छता और धूम्रपान निषेध नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, रतनगढ़, फुलेरा, नागौर, बीकानेर, जैसलमेर, मारवाड़ जंक्शन, समदड़ी, भीलड़ी और बाड़मेर सहित विभिन्न रेलखंडों एवं स्टेशनों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। टिकट जांच कर्मचारियों की सतर्कता और कार्यकुशलता के चलते यह उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई।

वैध टिकट लेकर यात्रा करें: डीआरएम

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर टिकट जांच कर्मचारियों की सराहना करते हुए यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध और उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को अनावश्यक जुर्माने से बचने के साथ-साथ रेलवे सेवाओं के सुचारु संचालन में भी सहयोग मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा के विरुद्ध विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।