धर्म परिवर्तन का दबाव अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग के आरोप पुलिस ने शुरू की गिरफ्तारी की कार्रवाई

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।महिला ने 6 जून को कैंट थाने पहुंचकर तहरीर दी। शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने अपना नाम बॉबी बताया था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ रहने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद वह करीब एक वर्ष तक नकटिया क्षेत्र के एक किराये के मकान में उसके साथ रहा और इस दौरान लगातार शादी का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम अरबाज है। सच्चाई सामने आने के बाद उसने शादी की बात की तो आरोपी ने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना रखी हैं तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे डराता था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि शिकायतकर्ता महिला पहले से शादीशुदा है। वहीं आरोपी अरबाज भी विवाहित है। पुलिस के अनुसार दोनों पिछले लगभग एक वर्ष से नकटिया स्थित एक किराये के मकान में रह रहे थे।