पंचर के पैसे को लेकर विवाद, ट्रैक्टर चालक ने दुकानदार को कुचला, दुकानदार की हुई दर्दनाक मौत, परिजनों सहित ग्रामीणों में भारी आक्रोष

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक ट्रैक्टर चालक ने पंचर दुकानदार को ट्रैक्टर से कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना रायसिंहनगर में शहीद भगत सिंह महाविद्यालय के पास बीती रात हुई बताई जा रही है।

पंचर लगवाने के बाद बढ़ा विवाद....

जानकारी के अनुसार छतरगढ़ की ओर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राला का टायर पंचर हो गया था। चालक ने गांव 22 पीएस निवासी दुकानदार बलजीत सिंह से टायर का पंचर लगवाया। पंचर लगाने के बाद रूपयों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए ट्रैक्टर चालक ने बलजीत सिंह को ट्रैक्टर से कुचल दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने जताया रोष....

मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल बलजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण रायसिंहनगर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताया।

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में में लिया....

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में दो लोगों को राउंड अप कर लिया है। मृतक बलजीत सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक के परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों सहित पुलिस थाना के समक्ष एकत्रित हो आरोपियों पर ठोस कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे है।