डगा पुल निर्माण स्थल की टीन उड़कर बाइक सवार दंपति से टकराई, दोनों गंभीर घायल

पीलीभीत। पूरनपुर-खटीमा मार्ग पर स्थित डगा पुल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के लिए लगाई गई टीन तेज आंधी के चलते उखड़कर सड़क पर आ गिरी, जिससे बाइक से गुजर रहे दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के नानकमत्ता निवासी मनदीप सिंह (35) पुत्र बलबीर सिंह अपनी पत्नी रमनदीप कौर (30) के साथ किसी निजी कार्य से पूरनपुर आए थे। कार्य समाप्त कर दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डगा पुल के पास चल रहे निर्माण कार्य स्थल से तेज हवा के कारण एक बड़ी टीन उड़कर उनकी बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीन अत्यंत तेज गति से आकर दंपति को लगी, जिससे दोनों के पेट में गंभीर चोटें आईं और उनकी आंतें बाहर निकल आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौटांडा भेजा गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद निर्माण कार्य में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।