शाहाबाद के ईओ कृष्ण कुमार सोनकर पर गंभीर आरोप, महिला संविदाकर्मी के साथ मना रहे रंगरेलिया, एसपी हरदोई से निष्पक्ष जांच की मांग

हरदोई। शाहाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर पर लगाए गए गंभीर आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं। पाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला खारा कुआं निवासी देवेंद्र मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को शिकायती पत्र देकर ईओ कृष्ण कुमार सोनकर एवं अपनी पत्नी रीना मिश्रा के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
देवेंद्र मिश्रा का आरोप है कि उनकी पत्नी रीना मिश्रा, जो पूर्व में नगर पंचायत पाली में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थी, और ईओ कृष्ण कुमार सोनकर के बीच अवैध संबंध हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसी कारण उनके पारिवारिक जीवन में विवाद उत्पन्न हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
शिकायती पत्र में देवेंद्र मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान ले जाया गया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि ईओ कृष्ण कुमार सोनकर और रीना मिश्रा के बीच हुई मोबाइल कॉल एवं व्हाट्सएप चैट की जांच कराई जाए। इसके लिए उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने की भी मांग की है।
देवेंद्र मिश्रा ने मामले में अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है। फिलहाल इस मामले में रीना मिश्रा की तहरीर पर पाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देवेंद्र मिश्रा की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है और आरोपों की पुष्टि होना शेष हैं।