हरदोई में पानी से भरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, 10 वर्षीय बालक की मौत, बालिका की हालत गंभीर

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के खमरवा मजरा शहाबुद्दीनपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी 8 वर्षीय मौसेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहिनी (8) अपने पिता मुरली के लिए ईंट-भट्ठे पर खाना लेकर जा रही थी। उसके साथ उसका मौसेरा भाई विशाल भी था। रास्ते में भट्ठे के करीब पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास से गुजरते समय विशाल अचानक उसमें गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में मोहिनी भी पानी में चली गई और दोनों डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद मजदूर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहिनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मृतक विशाल शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ क्षेत्र के गौटिया गांव निवासी अवधेश का पुत्र था। अवधेश दिल्ली में मजदूरी करते हैं। विशाल अपनी मां किरन के साथ कुछ दिन पहले अपनी मौसी पुष्पा के घर आया था। पुष्पा के पति मुरली ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर मयंक कुंडू और शहर कोतवाल संजय त्यागी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।