हरदोई में जल निगम के केंद्रीय भंडार में सरकारी दस्तावेज जलाने का मामला, छह लोगों पर एफआईआर दर्ज, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

हरदोई। जिले में बुधवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के केंद्रीय भंडार में सरकारी दस्तावेज और सामग्री जलाने का मामला सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और दो निजी व्यक्तियों समेत छह लोगों के खिलाफ कोतवाली शहर में एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी तथा उपजिलाधिकारी शाहाबाद क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान जेल रोड स्थित जल निगम के केंद्रीय भंडार से धुआं उठता दिखाई दिया। संदेह होने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण में पाया गया कि गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में सरकारी अभिलेख और अन्य सामग्री जलाकर नष्ट की जा रही थी। इनमें आधार कार्ड, इन्वेंट्री रिकॉर्ड, एनसीआरबी से संबंधित दस्तावेज, एकीकृत जांच फार्म (आईआईएफ-1), पहचान जैकेट तथा विभिन्न प्रकार के रसायन शामिल थे।
अधिकारियों ने पाया कि गोदाम को अंदर और बाहर दोनों ओर से बंद कर सामग्री को जलाया जा रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर चौकीदार मेवाराम ने ताला खोला, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान दो निजी व्यक्तियों ऋतुराज त्रिपाठी और विपिन मिश्रा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कोई भी व्यक्ति सामग्री नष्ट करने संबंधी वैध अनुमति या सक्षम अधिकारी का आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका।
लेखपाल वीरेश कुमार की तहरीर पर प्रभारी अवर अभियंता नवनीत सिंह, प्रभारी सहायक अभियंता अमित कुमार सिंह, चौकीदार मेवाराम, केयरटेकर सालिकराम, ऋतुराज त्रिपाठी और विपिन मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सरकारी अभिलेख नष्ट करने, लोक संपत्ति को क्षति पहुंचाने और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।