हरदोई में भंडारे से लौट रही 6 वर्षीय मासूम को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, सुरसा थाना क्षेत्र के सिंघुआमऊ तिराहे के पास छह वर्षीय अर्चना राठौर भंडारे से लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बच्ची की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सुरसा थाना पुलिस, शहर कोतवाली पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात को सुचारु रूप से चालू कराया गया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है।