छुटेगा अब दोन कैनाल में पानी,किसानों को मिलेगी सहूलियत। 

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।

भारत-नेपाल सीमा के वाल्मीकि नगर स्थित मुख्य तिरहुत नहर के 6 आर डी की शाखा दोन कैनाल में वाल्मीकि नगर जीरो आर डी से इनरवा बॉर्डर तक लगभग 90 किलोमीटर बेड में जमे सिल्ट की सफाई को लेकर नहर में जलस्राव नवंबर महीने से बंद कर दिया गया था।

1 जून से खरीफ सीजन की शुरुआत होती है ।जिसमें किसानों को धान के बिचड़े गिराने के लिए पानी की आवश्यकता होती है।

बताते चले की किसान धन के बिचड़े गिरने क लिए बेसब्री से नहर में पानी खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

6 आर डी पूल के दोन नहर के गेटों से जल रिसाव की संभावना के कारण बेड के जमे सिल्ट की सफाई में प्रभावित होने को लेकर पूर्व सतर्कता बरतते हुए 6 आर डी के गेटों में अस्थाई दीवार जोड़कर जल स्राव को रोक दिया गया था।

जल संसाधन विभाग के आदेश के आलोक में अस्थाई दीवाल को तोड़ने की प्रक्रिया दोन कैनाल के कनीय अभियंता विनीत कुमार के नेतृत्व में रविवार को शुरू कर दी गई है।

इस बाबत पूछे जाने पर दोन नहर रामनगर के कार्यपालक अभियंता महेंद्र चौधरी ने दूरभाष पर बताया कि नहर के बेड की सफाई को लेकर नवंबर महीने की 25 तारीख से नहर में जल प्रवाह रोक दिया गया था। बेड सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है।

खरीफ सीजन की शुरुआत और किसानों की पानी की जरूरत को देखते हुए 1 जून से दोन नहर में जलस्राव शुरू कर दिया जाएगा। धीरे-धीरे दोन कैनाल के डिमांड के मुताबिक पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। निर्धारित अवधि पर नहर में पानी खुलने से किसानों को काफी सहूलियत होने की उम्मीद है ।ताकि वह समय से खरीफ फसल की बुवाई कर सकें।