स्वच्छता में चमका उत्तर पश्चिम रेलवे, पूरे देश में हासिल किया दूसरा स्थान

स्वच्छता में चमका उत्तर पश्चिम रेलवे, पूरे देश में हासिल किया दूसरा स्थान

स्वच्छता पखवाड़ा-2025 में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला बड़ा सम्मान

जयपुर। ने स्वच्छता और जनभागीदारी के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2025 के स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों में पूरे भारतीय रेलवे में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह सम्मान उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने, रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा व्यापक स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिया गया है।

इस उपलब्धि से उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि स्वच्छ, सुंदर और यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण तैयार करने की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता लगातार मजबूत हो रही है। रेलवे कर्मचारियों, अधिकारियों और विभिन्न इकाइयों के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तर पश्चिम रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरवपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा वर्ष 2025 में दसवां स्वच्छता पखवाड़ा पूरे उत्साह और व्यापक भागीदारी के साथ आयोजित किया गया था। इस दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेल कॉलोनियों, कार्यस्थलों और सार्वजनिक परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। साथ ही यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

स्वच्छता पखवाड़े के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने श्रमदान, सफाई अभियान, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैलियां तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक कार्यक्रम न बनाकर उसे दैनिक जीवन की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना था।

जल शक्ति मंत्रालय द्वारा स्थापित स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कार उन मंत्रालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों और अधीनस्थ संगठनों को प्रदान किए जाते हैं, जिन्होंने स्वच्छता अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो। दैनिक रिपोर्टों एवं अंतिम मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर सर्वश्रेष्ठ रेलवे प्रतिष्ठानों का चयन किया गया।

घोषित परिणामों के अनुसार:

प्रथम स्थान उत्तर पूर्वी रेलवे

द्वितीय स्थान उत्तर पश्चिम रेलवे

तृतीय स्थान दक्षिण पश्चिम रेलवे

उत्तर पश्चिम रेलवे को मिला यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की पहचान है। इस उपलब्धि से रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल है तथा भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

रेलवे प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और सहयोगी संगठनों को देते हुए कहा कि स्वच्छता और यात्री सुविधा के क्षेत्र में आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखा जाएगा।