हरदोई की नवीन फल-सब्जी मंडी में भीषण आग, आठ दुकानें और तीन वाहन जलकर राख, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

हरदोई। शहर की नवीन फल-सब्जी मंडी के पास स्थित एक मिठाई की दुकान में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद दुकानों में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान दो गैस सिलेंडर फट गए, जबकि चार सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को लगाया गया। आग की चपेट में आकर करीब सात से आठ दुकानें और तीन वाहन जलकर राख हो गए। उन्होंने कहा कि टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोका जा सका, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण कूड़े के ढेर में लगी आग माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।