हरदोई में एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, वेतन भुगतान न होने पर जताया विरोध, सामान्य कार्य रहा प्रभावित

हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (एनएचएम) से जुड़े कर्मचारियों ने बुधवार को वेतन भुगतान न होने के विरोध में जनपदभर में कार्य बहिष्कार किया। हालांकि इमरजेंसी सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया गया और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रही।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर एनएचएम कर्मचारियों ने पहले 18 से 20 मई तक काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी वेतन भुगतान न होने पर 21 मई को कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। जिला मुख्यालय से लेकर सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर सामान्य कार्य प्रभावित रहा।
कर्मचारियों का कहना है कि मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिला है, जबकि मई माह भी समाप्ति की ओर है। लगातार तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज कर्मचारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों पर एकत्र होकर शासन-प्रशासन से जल्द मानदेय भुगतान की मांग की।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडे ने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बजट प्राप्त हो चुका है और कर्मचारियों की मैपिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से स्पष्ट गाइडलाइन मिलने के बाद ही संबंधित मद में भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. जावेद खान, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अनुग्रह शक्ति भारद्वाज, महिला संगठन मंत्री साधना, जिला उपाध्यक्ष रफी, डॉ. अंशुल ओमर, डॉ. नौशाद, अनुराग ओमर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।