हरदोई में सपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- जनता ने 2024 में बीजेपी को बैसाखी पर लाया, 2027 में वेंटीलेटर पर पहुंचा देगी

हरदोई। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने नगर अध्यक्ष रियासत खान के घर पहुंचकर उनकी दुकान तोड़े जाने के मामले की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व नोटिस दिए दुकान को तोड़ा गया, जबकि संबंधित क्षेत्र नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में भी नहीं आता था।
सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले विपक्षी दलों के लोगों को परेशान किया जाता था, लेकिन अब आम लोगों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मनमानी पर उतर आए हैं।
डॉ. राजपाल कश्यप ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से विदेश यात्रा कम करने, तेल बचाने और पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने की अपील करते हैं, लेकिन स्वयं लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि ?विदेश यात्रा से लौटकर देशवासियों को टॉफी खिलाएंगे।? साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2024 में भाजपा को ?बैसाखी? पर लाया गया और 2027 में जनता उसे ?वेंटीलेटर? पर पहुंचा देगी।
इसी दौरान एक महिला अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची और रियासत खान पर व्यापार में छह लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया। इस घटना के बाद वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रतिनिधिमंडल में शकील नदवी, ऊषा वर्मा, जिलाध्यक्ष शराफत अली, अनिल वर्मा, अखिलेश पाठक समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।