मुंगेली में डायल 112 सेवा का शुभारंभ, अब आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित मदद

मुंगेली। जिलेवासियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर मुंगेली में डायल 112 सेवा वाहनों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला कलेक्टर कुंदन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए 07 डायल 112 वाहनों को रवाना किया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट जनदर्शन सभाकक्ष में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस पहल के तहत जिले के थाना सिटी कोतवाली मुंगेली, जरहागांव, सरगांव, फास्टरपुर, लोरमी, चिल्फी एवं लालपुर पथरिया क्षेत्रों में डायल 112 सेवा उपलब्ध कराई गई है।बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में आधुनिक सुविधाओं से लैस इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ERVs) उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन वाहनों में अत्याधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डाटा टर्मिनल एवं स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया समय में तेजी आएगी और आम नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सकेगी।डायल 112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, विवाद, महिला सुरक्षा, आगजनी एवं चिकित्सा सहायता जैसी आपात स्थितियों में तुरंत मदद उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि कॉल प्राप्त होते ही लोकेशन ट्रेस कर नजदीकी वाहन को मौके पर भेजा जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि डायल 112 सेवा पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाओं को एक ही नंबर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि यह सेवा आम जनता और पुलिस के बीच त्वरित समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था को और मजबूत करेगी।इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय,जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा,उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि,प्शासनिक अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।