यात्रियों को बड़ी सुविधा: अजमेर-दौंड व अजमेर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेनें अब नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित

अजमेर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अजमेर-दौंड-अजमेर स्पेशल तथा अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर स्पेशल ट्रेनों का संचालन अब नियमित रेलसेवाओं के रूप में करने का निर्णय लिया है। इससे राजस्थान से महाराष्ट्र और मुंबई की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी एवं बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09625/09626 अजमेर-दौंड-अजमेर स्पेशल तथा गाड़ी संख्या 09621/09622 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर स्पेशल को अब नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।

अजमेर-दौंड साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 20991 अजमेर-दौंड साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन 21 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को अजमेर से 16:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर 18:40 बजे पहुंचेगी तथा 18:50 बजे जयपुर से प्रस्थान कर अगले दिन 19:10 बजे दौंड पहुंचेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 20992 दौंड-अजमेर साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन 22 मई 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को दौंड से 23:10 बजे रवाना होकर अगले दिन 23:40 बजे अजमेर पहुंचेगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर 20:55 बजे पहुंचेगी तथा 21:05 बजे प्रस्थान करेगी।

यह ट्रेन मार्ग में किशनगढ़, जयपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, दाहोद, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, बोईसर, बसई रोड, पनवेल, लोनावला, पुणे सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार 28 मई 2026 तक इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। वहीं 04 जून 2026 से कोच संरचना में बदलाव कर यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाया जाएगा।

अजमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन का संचालन

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 19625 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन 24 मई 2026 से प्रत्येक रविवार को अजमेर से 06:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर 08:30 बजे पहुंचेगी तथा 08:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 04:20 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19626 बांद्रा टर्मिनस-अजमेर साप्ताहिक ट्रेन 25 मई 2026 से प्रत्येक सोमवार को बांद्रा टर्मिनस से 08:35 बजे रवाना होकर अगले दिन 09:10 बजे अजमेर पहुंचेगी।

यह ट्रेन मार्ग में किशनगढ़, जयपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, विक्रमगढ़ आलोट, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए 31 मई 2026 तक एक अतिरिक्त शयनयान कोच अस्थायी रूप से उपलब्ध रहेगा।

यात्रियों को मिलेगा लाभ

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन दोनों ट्रेनों के नियमित संचालन से अजमेर, जयपुर सहित राजस्थान के यात्रियों को दौंड, पुणे और मुंबई जैसे बड़े शहरों तक आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह निर्णय गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती भीड़ के दौरान यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अधिकृत माध्यमों से ट्रेन समय सारणी व टिकट की जानकारी प्राप्त कर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें।