हरदोई में भाजपा जिला उपाध्यक्ष और किसान यूनियन नेता पर ठगी का मुकदमा, 85 लाख हड़पने का आरोप, जांच में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग

हरदोई। संडीला क्षेत्र में एक व्यापारी से 85 लाख रुपये से अधिक की ठगी और अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। पुलिस ने भाजपा के वर्तमान जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सोनी, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ?अंकित? समेत अन्य 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
पीड़ित व्यापारी प्रदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने भरोसे में लेकर स्कॉर्पियो वाहन खरीद और जमीन दिलाने के नाम पर उससे बड़ी रकम ले ली, लेकिन न तो जमीन दिलाई गई और न ही पैसा वापस किया गया। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद जिले में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।