हरदोई के सवायजपुर तहसील में रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो से हड़कंप, प्रशासनिक कार्यशैली पर उठे सवाल, काम के बदले खुलेआम ली जा रही रिश्वत 

हरदोई। सवायजपुर तहसील एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे कुछ वीडियो ने तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर कुछ लेखपाल, बाबू और एसडीएम कार्यालय से जुड़े कर्मचारी सेवा के बदले रुपये लेते दिखाई दे रहे हैं।
तहसील, जिसे आम जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र माना जाता है, अब रिश्वतखोरी के आरोपों से घिरती नजर आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि खतौनी, नामांतरण, पैमाइश, आय एवं जाति प्रमाण पत्र समेत जमीन से जुड़े मामलों में बिना पैसे दिए काम होना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि फाइलें तभी आगे बढ़ती हैं जब ?सेवा शुल्क? दिया जाए।
वायरल वीडियो के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील में भ्रष्टाचार का यह खेल लंबे समय से चल रहा है और अब वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें संतोष सोनकर (एसडीएम पेशकार), चकबंदी लेखपाल और राजस्व लेखपाल शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रदेश सरकार लगातार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के दावे करती रही है, लेकिन वायरल वीडियो ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल तहसील में वायरल वीडियो और रिश्वतखोरी के आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं, जबकि लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।