हरदोई में मंत्री नितिन अग्रवाल का विपक्ष पर हमला, बोले- संकट में साथ देने के बजाय आलोचना कर रहा विपक्ष, जो नहीं करना चाहिए

हरदोई। शहर के जिंदपीर चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा का लोकार्पण आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने किया। इससे पहले उन्होंने सिनेमा चौराहे पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण किया था, जिसके बाद उस चौराहे को बुद्ध चौराहा नाम दिया गया।
प्रतिमा अनावरण से पहले भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी सदर मयंक कुंडू को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वहां मदारी पासी की प्रतिमा स्थापित की जाए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री नितिन अग्रवाल ने कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। लखीमपुर में नीट अभ्यर्थी की आत्महत्या के मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और जिन राज्यों तक तार जुड़े थे वहां भी गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना दुखद है, लेकिन सरकार अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा दोबारा परीक्षा की घोषणा भी की जा चुकी है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देश पहले ही कीमतें बढ़ा चुके हैं। भारत में मजबूरी में केवल तीन रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के समय विपक्ष को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए, लेकिन वह केवल आलोचना और आरोप-प्रत्यारोप में लगा है।
अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को भ्रष्टाचार और कमीशन की राजनीति पर बोलने से पहले अपने कार्यकाल को याद करना चाहिए।