हरदोई में नहाने गए दो बच्चे नदी में डूबे, एक बच्ची की मौत, दूसरे की तलाश जारी

हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र के कटरी महादेवा मजरा नोखेपुरवा में गुरुवार शाम नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी पानी में समा गया। काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश शुरू कराई गई। सर्च अभियान के दौरान 14 वर्षीय एक बालिका को बाहर निकाला गया, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बच्चे की तलाश देर रात तक जारी रही।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। मौके पर उपजिलाधिकारी बिलग्राम, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम समेत पुलिस बल मौजूद रहा। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि दूसरे बच्चे की तलाश लगातार जारी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।