हरदोई में आंधी-तूफान बना काल, शौचालय की दीवार गिरने से 11 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत, शौच करने गई थी 

हरदोई। जिले के बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रूपापुर में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। घर के बाहर बने शौचालय की दीवार गिरने से कक्षा 5 की एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रूपापुर निवासी नरेश की 11 वर्षीय पुत्री देवती बुधवार दोपहर घर के बाहर बने शौचालय में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते शौचालय की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर देवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बच्ची को मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गांव में इस हादसे के बाद शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।