हरदोई में स्लीपर बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, पांच गंभीर घायल, बारात से वापस गांव आ रही थी

हरदोई। पाली कस्बे के निजामपुर चौराहे के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्लीपर बस और गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रॉली सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार पांच बाराती घायल हो गए। हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के अली हाजीपुर गांव निवासी सोनपाल के पुत्र गोविंद की बारात मंगलवार को शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद क्षेत्र स्थित टापर गांव गई थी। बुधवार सुबह बारात वापस लौट रही थी। इसी दौरान पाली-रूपापुर मार्ग पर निजामपुर पुलिया के पास सहजनपुर की ओर से आ रही गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार स्लीपर बस जा टकराई।
टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें लदा गेहूं सड़क पर बिखर गया। ट्रॉली के चारों पहिए अलग हो गए, वहीं बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
ट्रैक्टर चालक पिंटू निवासी सहजनपुर ने बताया कि वह गेहूं लेकर शाहजहांपुर जा रहा था, तभी सामने से आ रही स्लीपर बस ने टक्कर मार दी। वहीं बस में सवार बाराती हेमनाथ के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। बस चालक राघवेंद्र निवासी खनिकलापुर वाहन चला रहा था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।