हरदोई में किसान आत्महत्या मामले में कांग्रेस का हमला, आशीष सोमवंशी बोले- लेखपाल की प्रताड़ना से गई जान, शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी करेगी जनांदोलन

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पूरा बहादुर में किसान रणवीर सिंह ?गुड्डू? की आत्महत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं हरदोई सदर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे आशीष कुमार सिंह सोमवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लेखपाल अरुणेश कुमार यादव द्वारा लगातार प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर किसान ने आत्महत्या की। परिजनों के हवाले से कहा गया कि लेखपाल अपनी राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का दबाव बनाता था। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई करने के बजाय राजस्व निरीक्षक की ओर से मुकदमा दर्ज कर मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया है।
आशीष कुमार सिंह सोमवंशी ने कहा कि 3 मई 2026 को भी आरोपी लेखपाल पर महिला उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर महाराणा प्रताप की जयंती पर सम्मान की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर उनके वंशज बताए जा रहे किसान को न्याय नहीं मिला।
कांग्रेस नेताओं ने आरोपी लेखपाल की तत्काल गिरफ्तारी, सरकारी सेवा से बर्खास्तगी, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, आश्रितों को नौकरी और सुरक्षा देने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में साधू सिंह, राजेश पांडे, कमल सिंह, अशोक दीक्षित, पुष्पेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अरुण सिंह, सुशील कुमार सिंह, अनिल वर्मा और श्यामलाल पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।