एक दिन, तीन मंच “ऑपरेशन गरिमा” के तहत सुरक्षा-जागरूकता की मजबूत पहल, छात्राओं को मिला आत्मविश्वास और कानून का ज्ञान

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के आदेशानुसार तथा नीलम चौधरी एवं सीर कौर के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा ?ऑपरेशन गरिमा पखवाड़ा? के अंतर्गत एक ही दिन में तीन अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में व्यापक जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया।

अभियान की शुरुआत मीरा चौक स्थित एक निजी स्कूल से हुई जहां छात्राओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सतर्कता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल शिखा ने टीम का आभार व्यक्त किया।

इसके पश्चात महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल नंबर 5 पुलिस लाइन में विशेष सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें प्राचार्य रिम्पा तलवार, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही। यहां भी छात्राओं को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए एक अन्य निजी स्कूल में भी सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें छात्राओं को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से आत्मरक्षा एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

सेमिनारों के दौरान प्रभारी सुखदेव सिंह ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के गठन, कार्यप्रणाली एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्राओं को ?गुड टच-बैड टच? की पहचान, किसी भी अनुचित व्यवहार का तुरंत विरोध करने तथा अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को तत्काल सूचित करने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि सार्वजनिक अथवा धार्मिक स्थलों पर अनजान व्यक्तियों द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तुओं को सावधानीपूर्वक स्वीकार करें तथा संदेह होने पर स्पष्ट रूप से मना करें।

कार्यक्रम में साइबर अपराध, POCSO एक्ट, घरेलू हिंसा एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। मोबाइल सुरक्षा के अंतर्गत लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी कॉल एवं अन्य सुरक्षा उपायों के बारे में भी उपयोगी सुझाव प्रदान किए गए।

प्रभारी सुखदेव सिंह ने सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को बताया कि माता-पिता के अधिकारों का सम्मान करते हुए तथा निर्धारित आयु-सीमा के अनुरूप कार्य करना ही जीवन को सही दिशा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कम उम्र में लिए गए गलत निर्णय न केवल सामाजिक रूप से अनुचित होते है बल्कि भविष्य में कठिनाइयों का कारण भी बन सकते है।

इसके अतिरिक्त ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई तथा यह अवगत कराया गया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा सादा वेश में भी तैनाती की जाती है जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं एवं बच्चों को आत्मरक्षा, कानून की जानकारी एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में सुरक्षा, विश्वास एवं सशक्तिकरण का वातावरण स्थापित करना रहा।