रघेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर, 700 से अधिक छात्र लाभान्वित

आगरा। स्वीट टूथ डेंटल क्लिनिक के तत्वावधान में रघेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में ओरल एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व डॉ. सुलभ जैन ने किया। उनके साथ करीब 15 सदस्यों की टीम मौजूद रही।

शिविर में नर्सरी से कक्षा 12 तक के 700 से अधिक छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बीमारियों की शुरुआती पहचान कर निवारक देखभाल को प्रोत्साहित करना रहा।

जांच के दौरान छात्रों में दांतों से जुड़ी समस्याएं जैसे कैविटी, मसूड़ों की बीमारी, दांतों की असमानता (मैलोक्लूजन) और मुंह की दुर्गंध पाई गईं। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित आहार लेने और नियमित डेंटल जांच कराने की सलाह दी।

शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न काउंटर बनाए गए, जहां छात्रों की क्रमबद्ध जांच की गई। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य ऋचा सिन्हा एवं शिक्षिका संध्या त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर डॉ. सुलभ जैन ने कहा कि बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर ही स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर उचित मार्गदर्शन देना आवश्यक है, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।

विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, डॉ. जैन एवं उनकी टीम ने विद्यालय प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।