हरदोई में सनबीम स्कूल विवाद पर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग, बोले- अभद्र व्यवहार के बाद प्रिंसिपल निर्दोष दिखने की कर रही कोशिश

हरदोई। शहर के एसपी तिराहा स्थित सनबीम पब्लिक स्कूल में अभिभावक नीलम वर्मा से अभद्र व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और उसके बाद स्कूल पहुंचकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों, जिनमें शिवम सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे, ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों और छात्रों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी अभिभावक के पास पैसे नहीं हैं तो क्या उसके साथ इस तरह का अभद्र व्यवहार किया जाएगा। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाओं से अभिभावक स्कूल आने से डरेंगे।
इस पर प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने जवाब देते हुए कहा कि "अगर हमारे यहां की कोई किताब-कॉपी कहीं और मिल जाए तो हम आप सभी के जूतों पर अपनी नाक रगड़ूंगी।" इस बयान के बाद माहौल और गरमा गया।
स्कूल स्टाफ के व्यवहार से आक्रोशित एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसे नियंत्रित करने के लिए उपनिरीक्षक केके यादव के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्कामुक्की भी हुई, हालांकि बाद में समझाकर स्थिति को शांत कराया गया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल अब खुद को निर्दोष दिखाने की कोशिश कर रही हैं, जबकि वायरल वीडियो में अभिभावक नीलम वर्मा के साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है।
करीब एक मिनट के वायरल वीडियो में प्रिंसिपल द्वारा ?ब्लडी फूल?, ?गंवार? और कई बार ?शट अप? कहने की बात सामने आई है, जिसे कार्यकर्ताओं ने पूरे महिला समाज का अपमान बताया है।