हरदोई में सनबीम पब्लिक स्कूल विवाद, प्रिंसिपल की अभद्रता का वीडियो वायरल, जांच में मिली खामियां, कार्रवाई के संकेत

हरदोई। शहर के एसपी तिराहा स्थित सनबीम पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल और अभिभावक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो में प्रिंसिपल द्वारा अभिभावक से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए ?ब्लडी फूल?, ?गंवार? और ?शट अप? जैसे शब्द कहे गए है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी अजित सिंह ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो सही पाया गया है और प्रिंसिपल ने अपनी गलती स्वीकार भी की है। जांच के दौरान विद्यालय में कई खामियां पाई गईं। टीम ने डीबीआर (दस्तावेज) कब्जे में लेकर रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है।
दरअसल, यूकेजी की छात्रा की मां नीलम वर्मा ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने पहले बाहरी दुकान से कॉपी-किताब खरीदने को कहा, लेकिन बाद में केवल स्कूल से ही करीब 1200 रुपये की सामग्री खरीदने की अनिवार्यता कर दी। आर्थिक तंगी के चलते समय मांगने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
नीलम वर्मा ने कहा, मैंने सिर्फ पैसे की कमी की बात कही थी, लेकिन मैम ने मुझे ?गंवार?, ?ब्लडी फूल? कहा और बच्चों का नाम काटने की धमकी दी।
वहीं प्रिंसिपल ममता मिश्र ने कहा, मेरी गलती है, मैं इसे स्वीकार करती हूं। मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। वीडियो वायरल और एबीवीपी के प्रदर्शन को मैं साजिश मानती हूं।
बीएसए अजीत सिंह ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। प्रथम दृष्टया प्रिंसिपल दोषी पाई गई हैं और स्कूल की मान्यता पर भी कार्रवाई हो सकती है।
इस मामले को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और सख्त कार्रवाई की मांग की है।