हरदोई में रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, 22 हजार लेते एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोचा, नलकूप कनेक्शन एस्टीमेट के लिए मांगी थी रिश्वत

हरदोई। जिले में विद्युत विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार एक बार फिर उजागर हुआ है। कराही विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कराही विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई पवन कुमार वर्मा, निवासी आवास विकास कॉलोनी जनपद उन्नाव, पर आरोप है कि उन्होंने निजी नलकूप कनेक्शन के एस्टीमेट के नाम पर बम्हनाखेड़ा निवासी मुस्तकीम से 22 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की गई, जिसके बाद लखनऊ की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। इंस्पेक्टर टी.पी. सिंह के नेतृत्व में टीम ने कराही उपकेंद्र परिसर में ही आरोपी जेई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी को अपने साथ बघौली थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए भी अधिकारियों को रिश्वत देनी पड़ती है।
फिलहाल पुलिस और एंटी करप्शन टीम मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।