थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह की निगरानी में तैयार अयेला चौकी का पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन

पत्रकार सुमित गर्ग खेरागढ़,

अयेला में नव निर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन, 45 हजार लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

खेरागढ़,सैंया। खेरागढ़-सैंया मार्ग स्थित अयेला गांव में नव निर्मित पुलिस चौकी का पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। चौकी के शुरू होने से अब क्षेत्रीय लोगों को पुलिस सहायता के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

अयेला, थाना सैंया क्षेत्र की अंतिम सीमा पर स्थित होने के कारण यहां के लोगों को शिकायत दर्ज कराने एवं अन्य पुलिस कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए अयेला में पुलिस चौकी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया।

निर्माण कार्य डीसीपी पश्चिम आदित्य कुमार के निर्देशन में, प्रशिक्षु आईपीएस अभय डागा, एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा के नेतृत्व तथा थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह द्वारा पूर्ण कराया गया।

उद्घाटन अवसर पर पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस चौकी के शुरू होने से अयेला, जोधापुरा, रावतपुरा, नगला सबदल, भैंसोन, लल्लूपुरा सहित दर्जनों गांवों की लगभग 45 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।

कार्यक्रम में चौकी निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने वाले ग्राम समाज इंटर कॉलेज के प्रबंधक विजयपाल सिंह सिकरवार एवं प्रधानाचार्य मुरारी लाल सिकरवार को सम्मानित किया गया। साथ ही हाईस्कूल में उत्तीर्ण छात्राओं को पुलिस आयुक्त द्वारा शील्ड प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस आयुक्त ने बेहतर पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि थाना सैंया की छवि सुधारने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की जा रही है, जिससे क्षेत्र में पारदर्शी और प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।